गाजीपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश के क्रम में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जनपद में 24, 25 एवं 26 नवंबर 2026 को तीन दिवसीय विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे सभी अर्ह नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के साथ ही प्राप्त प्रपत्रों को समयबद्ध रूप से डिजिटाइज कराना है। इसी क्रम में आज संबंधित अधिकारीगण, बीएलओ द्वारा गांवों में भ्रमण कर नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम सम्मिलित कराने हेतु फॉर्म-6 भरने के लिए प्रेरित किया गया तथा पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 प्राप्त किए गए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देशित किया गया है कि अभियान के दौरान पात्र नागरिकों तक पहुंचकर उनका पंजीकरण सुनिश्चित करें तथा प्राप्त प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराएं। जिलाधिकारी ने सभी अर्ह नागरिकों से अपील की है कि मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और यदि नाम सम्मिलित नहीं है तो फॉर्म-6 भरकर अपना पंजीकरण सुनिश्चित कराएं।



