गाजीपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय एवं अष्ट शहीद इंटर कॉलेज, मुहम्मदाबाद, गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में विधानसभा क्षेत्र मुहम्मदाबाद में विधानसभा स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि श्री मुकेश राय ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री मुकेश राय, प्रबंधक प्रवीण कुमार राय, संजय श्रीवास्तव, अष्ट शहीद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं अन्य अतिथियों तथा जिला सेवायोजन अधिकारी श्री गौरव सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना एवं हारमोनियम पर सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के प्रतिनिधि श्री मुकेश राय ने रोजगार मेले की सराहना करते हुए इस प्रकार के आयोजन निरंतर किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी श्री गौरव सिंह ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी तथा आगामी रोजगार मेलों के संबंध में युवाओं को अवगत कराया। उन्होंने युवाओं को जनपद से बाहर अन्य कार्यस्थलों पर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। जिला सेवायोजन अधिकारी ने रोजगार के इच्छुक युवाओं से सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की, जिससे उन्हें जनपद में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों की जानकारी निरंतर मिलती रहे। रोजगार मेले में आउटसोर्सिंग पोर्टल, विदेश में भर्ती के अवसरों तथा करियर काउंसलिंग सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम का संचालन एवं प्रबंधन अष्ट शहीद इंटर कॉलेज के प्रबंधक एवं मेला समिति द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा युवाओं को ऑफर लेटर वितरित किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।रोजगार मेले में 1500 से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग किया, जिसमें 511 युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किए गए। जिला सेवायोजन अधिकारी, गाजीपुर



