
गाजीपुर। सादात नगर में इन दिनों नाली के पानी का बहाव नहीं होने से लोगों के घरों से निकलने वाला गंदा पर जगह जगह सड़क पर बह रहा है। इससे उठने वाली दुर्गंध से लोगों का जीना दुश्वार हो रहा है। साथ ही गंदे पानी में मच्छर पैदा होने से बीमारियां फैल रही हैं। यही नहीं सड़क पर गंदा पानी फैले रहने से पैदल तथा वाहनों से लोगों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को सादात रेलवे स्टेशन स्थित राजभर बस्ती के पास सड़क पर गंदा पानी फैले रहने के कारण नागरिकों को कठिनाई का सामना करना पड़ा। नगर प्रशासन ने टैंकर भेजकर नाली से पानी खींचकर वाहन से दूर ले जाकर गंदे पानी को गिराए जाने की व्यवस्था किया। दोपहर से शाम तक आधा दर्जन से अधिक बार नाली में एकत्रित पानी को टैंकर में भरकर दूर ले जाकर गिराया गया, तब जाकर सड़क पर लोगों ने राहत महसूस किया। चेयरमैन प्रतिनिधि धर्मेन्द्र उर्फ सोनू यादव ने बताया कि टैंकर से खींचकर नाली में एकत्रित के पानी को साफ करने की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। नगर के जल निकासी की समस्या का जल्द ही स्थाई निदान करने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरी तरफ नगरवासियों ने गंदे पानी के निकासी की समस्या का स्थाई इंतजाम करने की मांग को है।



