गाजीपुर/ बलिया। बलिया जिले के राघोपुर चट्टी स्थित शराब की दुकान के पास चखना (स्नैक्स) की दुकान चलाने वाले संतोष सिंह उर्फ बागी (48) की हत्या महज 200 रुपये के विवाद में की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के आरोपी मृतक के पहले से परिचित थे। इस मामले में बलिया पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक संतोष सिंह गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना क्षेत्र के बेलसड़ी गांव का रहने वाला था और राघोपुर चट्टी से करीब 500–600 मीटर दूर शराब की दुकान के पास चखना की दुकान चलाता था। आरोपी गांव मडहीं, खजुरगांव और शेखनपुरा के रहने वाले हैं, जो संतोष के गांव के आसपास के ही क्षेत्र में स्थित हैं। इसी कारण मृतक और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी कई बार संतोष के पास शराब पीने और खाने आते रहे थे। गुरुवार को आरोपी प्रभात सिंह उर्फ बंटी का जन्मदिन था। इसी मौके पर उसने संतोष को फोन कर मुर्गा बनाने को कहा। देर शाम सभी आरोपी राघोपुर पहुंचे, जहां उन्होंने संतोष के साथ शराब पी और मुर्गा खाया।
मुर्गा बनाने में करीब 1300 रुपये का खर्च आया, लेकिन आरोपी संतोष को केवल 1100 रुपये ही देने लगे। संतोष ने पूरे पैसे की मांग की तो आरोपियों ने यह कहकर मना कर दिया कि उसने भी मुर्गे में से खाया है, इसलिए 1100 रुपये ही मिलेंगे। इसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसे आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह शांत करा दिया। इसके बाद आरोपी वहां से चले गए।
हालांकि कुछ देर बाद आरोपी दोबारा मौके पर लौटे। उस समय संतोष दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहा था। तभी आरोपियों ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मडहीं निवासी मंजीत सिंह उर्फ ओम, खजुरगांव निवासी संदीप सिंह उर्फ गोलू, अतुल सिंह उर्फ बब्बू, प्रभात सिंह उर्फ बंटी और शेखनपुरा निवासी प्रवीण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।



