गाजीपुर। थाना मरदह और थाना बिरनो पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला कारागार से फरार 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त लाल बाबू मौर्या को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई आत्मरक्षात्मक कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि 9 जनवरी 2026 को थाना मरदह पुलिस ने चोरी और आर्म्स एक्ट के एक मामले में अभियुक्त लाल बाबू मौर्या को गिरफ्तार कर जिला कारागार गाजीपुर में दाखिल कराया था, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। इस मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था और तीन टीमें गठित की गई थीं।18 जनवरी 2026 की रात गश्त के दौरान थाना बिरनो से मिली सूचना पर गोविंदपुर कीरत के पास पुलिस टीम की बदमाश से मुठभेड़ हुई, जिसमें अभियुक्त गिरफ्तार हुआ। इस संबंध में थाना मरदह में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



