गाजीपुर | अपराध एवं अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जमानियां थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बरेसर नहर पुलिया के पास एक बोलेरो वाहन से 162 लीटर अवैध देशी शराब बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने के बाद उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह एवं उनकी टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध बोलेरो वाहन संख्या UP61L5523 को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से ब्ल्यू लाईम ब्रांड की 18 पेटी देशी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 45-45 पाउच मौजूद थे। इस प्रकार कुल 810 पाउच (200 एमएल प्रति पाउच) यानी 162 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रबुध कुमार मौर्या (23 वर्ष) पुत्र त्रिभुवन कुशवाहा, निवासी गायघाट, थाना जमानियां के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, बलवा एवं अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध थाना जमानियां में मु0अ0सं0 171/2026 के तहत धारा 60/72 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क और उसके अन्य सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



