अभिषेक सिंह
गाजीपुर। गाजीपुर जनपद के करंडा ब्लॉक अंतर्गत मैनपुर गांव निवासी तथा सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अमरेश कुमार सिंह के सेवानिवृत्त होने पर भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। उन्होंने सहकारिता विभाग में मध्य प्रदेश में अंतर्जनपदीय सेवा के दौरान कुल 33 वर्षों तक अपनी सेवाएं प्रदान कीं और 31 दिसंबर 2025 को संयुक्त पंजीयक पद से सेवानिवृत्त हुए।

विदाई समारोह के दौरान अमरेश कुमार सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने माता-पिता के संस्कार, कर्म और धर्म के कारण इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि अपने सेवाकाल के दौरान विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उन्हें निरंतर सहयोग मिला, जिसके लिए वे सभी के प्रति आभारी हैं।
इस अवसर पर उज्जैन परस्पर सरकारी बैंक के अध्यक्ष अनिल सिंह चंदेल, उपाध्यक्ष हरदयाल सिंह ठाकुर, एस.एम. शर्मा, संचालक पुरुषोत्तम मिस्त्री, राम संखला, गीता रामी, निशा त्रिपाठी, मोतीलाल निर्मल, राजेश गुप्ता, प्रतिनिधि घनश्याम सक्सेना, वीरेंद्र सिंह पंवार, पंकज कवठेकर, एस.एन. सोमानी, शिरोमणि नवल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

समारोह में उपस्थित अतिथियों ने अमरेश कुमार सिंह को साफा पहनाकर, शाल-श्रीफल, अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया और उनके ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ एवं अनुकरणीय सेवाकाल की सराहना की। समारोह का वातावरण भावुक एवं आत्मीय रहा। उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।




