
गाजीपुर। सिविल बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर दो दिवसीय नामांकन प्रक्रिया आज दिनांक 19 दिसंबर दिन शुक्रवार से शुरू हो गई है। कुल दस पदों के लिए 19 दिसंबर और 20 दिसंबर को नामांकन किया जा रहा है। नामांकन का समय पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। चुनाव अधिकारी अरविंद सिंह उर्फ सिंहासन सिंह एवं सह चुनाव अधिकारी अभिषेक राय के समक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश चंद्र श्रीवास्तव और राजेंद्र विक्रम सिंह ने सिविल बार चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। चुनाव अधिकारी अरविंद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आज अध्यक्ष पद के लिए दोनों वरिष्ठ अधिवक्ताओं द्वारा विधिवत नामांकन किया गया है। जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए संदीप वर्मा, महासचिव के लिए शादाब अहमद, रामविलास यादव, अंजनि कुमार ठाकुर और मुन्ना लाल, कनिष्ठ उपाध्यक्ष (प्रथम) हेतु समरेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष हेतु सीमा शौकत, सह सचिव प्रशासन हेतु अभिमन्यु उपाध्याय, सह सचिव पुस्तकालय हेतु अजय सिंहा, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य हेतु संजय सिंह कुशवाहा, राजेश प्रताप सिंह, एवं कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य हेतु देवी प्रसाद राय और राघवेंद्र शाहू ने नामांकन किया है, जबकि अभी कल दिनांक 20 दिसंबर को नामांकन होना बाकी है। चुनाव अधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया सिविल बार भवन में सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में चल रही है। कल दिनांक 20 दिसंबर के बाद 24 दिसंबर को प्रत्याशियों की फाइनल सूची का प्रकाशन जांच उपरांत किया जाएगा, जिसके उपरांत सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आगामी 5 जनवरी को होने वाले चुनाव में होगा, उसी दिन सायंकाल 5 बजे मतगणना कर विजयी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी, फिलहाल गाजीपुर सिविल बार चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और परिसर में दिनभर गहमागहमी बनी रही।



