गाज़ीपुर। सदर कोतवाली में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया तथा उनके निस्तारण के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि थाना दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित मामलों में आपसी समन्वय स्थापित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने भी संबंधित पुलिस अधिकारियों को शिकायतों पर गंभीरतापूर्वक कार्रवाई करने तथा आमजन की समस्याओं का प्रभावी ढंग से समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। थाना दिवस का उद्देश्य आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान करना तथा पुलिस एवं प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखना है।








