गाजीपुर। चर्चित विनीत राय हत्याकांड को लेकर जनपद में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में सांसद राजीव राय ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और हर स्तर पर न्याय दिलाने का भरोसा दिया। सांसद ने परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली और कहा कि दोषियों की गिरफ्तारी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
मुलाकात के दौरान परिजनों ने सांसद को बताया कि विनीत राय को पहले भी जान से मारने की धमकियां मिली थीं और वर्ष 2023 में उन पर हमला करने का प्रयास भी हुआ था। परिजनों का कहना है कि यदि उस समय शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की गई होती तो आज यह घटना नहीं होती।
राजीव राय ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले को संबंधित अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
विनीत राय हत्याकांड को लेकर जिले में विभिन्न संगठनों और आम नागरिकों द्वारा भी लगातार न्याय की मांग की जा रही है। लोगों का कहना है कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक जनाक्रोश कम होने वाला नहीं है।



