गाजीपुर। मैनपुरी सांसद और समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेता डिंपल यादव ने गाजीपुर में हुए पुलिस एनकाउंटर को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर सकती थी, तो एनकाउंटर की जरूरत क्यों पड़ी। उनका आरोप है कि भाजपा नहीं चाहती कि प्रशासन पूरी तरह कानून के अनुसार काम करे।गुरुवार को कमलेश बिंद का शव उसके गांव फुल्लनपुर पहुंचने के बाद हुए विरोध प्रदर्शन और पथराव की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए डिंपल यादव ने कहा कि यदि लोगों को कहीं गलत कार्रवाई का एहसास होगा तो स्वाभाविक रूप से उनमें आक्रोश पैदा होगा।
इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी इस मामले को लेकर सरकार पर हमला बोल चुके हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा शासन में जनता का प्रशासन से विश्वास कमजोर हुआ है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ती हत्याओं और एनकाउंटर की घटनाओं पर भी सवाल उठाए।गौरतलब है कि 3 जून को गाजीपुर पुलिस ने होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड के आरोपी कमलेश बिंद को मुठभेड़ में मार गिराया था। अगले दिन पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हो गया तथा पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामले में कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।



