गाजीपुर। गाजीपुर-मुहम्मदाबाद मार्ग पर स्थित शिवा पेट्रोल पंप के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने हुई भिड़ंत में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में फतेहपुर अटवा निवासी सुनील यादव (26 वर्ष) एवं अमित यादव उर्फ छोटू (22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए, जबकि कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते टक्कर बेहद खतरनाक साबित हुई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



