गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र अंतर्गत सादात नगर के वार्ड तीन में बिना अनुमति लिए सड़क किनारे डा. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति लगा रहे युवकों को पुलिस ने रोक दिया। पुलिस द्वारा अनुमति लेने की बात समझाए जाने पर युवक मान गए और और फिर मूर्ति हटा लिए। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से पुलिसकर्मी मौके पर दोपहर बाद तक डटे रहे। जानकारी के अनुसार एक वर्ग के कुछ लोग अम्बेडकर जयंती के अवसर पर मंगलवार को वार्ड तीन में सड़क किनारे चबूतरा निर्मित कर उस पर बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति लगाने जा रहे थे। बकायदे टेंट लगाकर अम्बेडकर जयंती मनाने और नवीन प्रतिमा स्थापित किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस के हाथ पांव फूल गए और एसओ पन्ने लाल यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मूर्ति स्थापना की अगुवाई कर रहे वार्ड निवासी ओम प्रकाश राम के पुत्र पंकज कुमार, कन्हैया राम, दूधनाथ राम सहित अन्य लोगों को बताया कि बिना अनुमति के कोई भी मूर्ति स्थापित नहीं की जा सकती। कहा कि अनुमति लेने के बाद मूर्ति की स्थापना कर सकते हैं। पुलिस ने विगत वर्षों की भांति बाबा साहब का चित्र रखकर पूजा करने की अनुमति दी, जिसपर ग्रामीण मान गए और प्रतिमा को हटा लिए। उप निरीक्षक अनिरुद्ध द्विवेदी हमराही कांस्टेबल के साथ पूजा खत्म होने तक सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर डटे रहे।



