गाजीपुर पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। टेलीग्राम पर संचालित ‘क्राउन पे’ नाम की कंपनी के जरिए देशभर के 25 राज्यों में म्यूल यानी फर्जी बैंक खाते खुलवाकर तकरीबन 70 करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गैंग के तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, बैंक पासबुक और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। बताया जा रहा है कि इस गिरोह के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में दर्जनों शिकायतें दर्ज हैं और करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस बात की पुष्टि गाजीपुर एसपी डॉ ईरज राजा ने पुलिस लाइन में प्रेसकांफ्रेन्स कर की है। इस दौरान उन्होंने बताया कि गाजीपुर की साइबर क्राइम थाना और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़े साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने लंका मैदान के सामने फूलनपुर तिराहा इलाके से तीन अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान ऋषिराज, रोहन कुमार और सचिन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक ये लोग देशभर में लोगों को लालच देकर उनके नाम से फर्जी यानी म्यूल बैंक खाते खुलवाते थे और फिर उन खातों को टेलीग्राम पर संचालित ‘क्राउन पे’ कंपनी से जुड़े साइबर अपराधियों को बेच देते थे। जांच में सामने आया है कि ये गिरोह ट्रेडिंग, गेमिंग और अन्य साइबर अपराधों से अर्जित करोड़ों रुपये इन्हीं फर्जी खातों में मंगवाता था और बाद में क्रिप्टोकरेंसी प्लेटफॉर्म के जरिए पैसे का लेन-देन करता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 19 सिम कार्ड, 12 एटीएम कार्ड, 5 बैंक पासबुक, चेकबुक, 5 मोबाइल फोन, फर्म की मुहर और जीएसटी व MSME से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस गैंग के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में 75 से ज्यादा शिकायतें एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज हैं और इन मामलों में करीब 70 करोड़ रुपये से ज्यादा की साइबर ठगी की शिकायत सामने आई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके पास 700 से ज्यादा म्यूल बैंक खाते थे जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी के पैसों को ट्रांसफर करने में किया जाता था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है और इस मामले की रिपोर्ट साइबर मुख्यालय लखनऊ और गृह मंत्रालय के I4C पोर्टल को भी भेजी जा रही है।
फिलहाल गाजीपुर पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूरे सिंडिकेट की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने तीन शातिर साइबर अपराधियों ऋषिराज, रोहन कुमार और सचिन सिंह को किया गिरफ्तार
Leave a Comment



