गाजीपुर। सैदपुर ब्लॉक के मठ उचौरी गांव निवासी मकबूल सेठ सोमवार दोपहर करीब 2 बजे 10 किलो चावल का बोरा लेकर कलेक्ट्रेट स्थित राइफल क्लब पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के सामने बोरा खोलकर चावल दिखाते हुए उसकी गुणवत्ता को लेकर शिकायत की।मकबूल ने बताया कि उन्हें 17 अप्रैल को सरकारी राशन की दुकान से चावल मिला था। घर ले जाकर चावल साफ करने के दौरान उसमें चूहे की गंदगी, ईंट-पत्थर, सूतरी और प्लास्टिक समेत अन्य चीजें मिलने का दावा किया।
ग्रामीण के अनुसार, उन्होंने इसकी शिकायत संबंधित कोटेदार से की, लेकिन आरोप है कि उनकी शिकायत पर उचित ध्यान नहीं दिया गया। मकबूल का कहना है कि इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत सीधे जिलाधिकारी से करने का निर्णय लिया।मकबूल ने राशन विभाग के एक कर्मचारी पर भी शिकायत को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया। उनके अनुसार, चावल की गुणवत्ता को लेकर शिकायत करने पर उन्हें कथित तौर पर यह जवाब दिया गया कि क्या उन्हें बासमती चावल दिया जाए। ग्रामीण की शिकायत सुनने और उनके द्वारा लाए गए चावल को देखने के बाद जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने संबंधित कोटेदार के खिलाफ जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही।अब जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि राशन के चावल में गंदगी और अन्य सामग्री कैसे पहुंची तथा शिकायत के स्तर पर क्या कार्रवाई की गई।





