गाजीपुर। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ ने सोमवार को बेसिक शिक्षा कार्यालय पर प्रदर्शन कर अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. उपासना रानी वर्मा को ज्ञापन सौंपा। शिक्षामित्रों ने मूल विद्यालय वापसी और महिला शिक्षामित्रों को पति के निवास स्थान के पास स्थानांतरण संबंधी आदेश जल्द लागू करने की मांग की।संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षामित्र पिछले 26 वर्षों से प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षण कार्य कर रहे हैं। उनका कहना है कि कई जिलों में मूल विद्यालय वापसी और महिला शिक्षामित्रों के स्थानांतरण से संबंधित आदेश अभी पूरी तरह लागू नहीं हुए हैं। इसके कारण कई शिक्षामित्रों को प्रतिदिन 80 से 90 किलोमीटर तक आवागमन करना पड़ रहा है। शिक्षामित्रों ने स्थानांतरण प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के साथ टीईटी उत्तीर्ण शिक्षामित्रों को शिक्षक पद पर समायोजित करने, सेवानिवृत्ति की आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष करने और 12 माह का मानदेय देने की मांग की। इसके अलावा विशेष टीईटी में शामिल होने का अवसर देने, दिवंगत शिक्षामित्रों के परिवारों को आर्थिक सहायता तथा परिवार के योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई।इस दौरान संघ के जिलाध्यक्ष रामप्रताप सिंह यादव समेत बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे।



