गाजीपुर। माननीय उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर किशोर न्याय बोर्ड, गाजीपुर में विशेष विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विजय कुमार–IV, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, गाजीपुर सहित न्यायालय के अन्य कर्मचारीगण एवं पराविधिक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सचिव द्वारा बताया गया कि प्रत्येक वर्ष 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाता है। स्वामी विवेकानंद ने अपने ओजस्वी विचारों से न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व को धर्म, मानवता, सेवा और कर्म का सच्चा अर्थ समझाया। राष्ट्रीय युवा दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनके प्रेरणादायक विचारों और आदर्शों से परिचित कराना है, ताकि वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय युवा दिवस प्रतिवर्ष एक विशेष थीम के साथ मनाया जाता है, जो समय की चुनौतियों, शिक्षा, रोजगार, नवाचार, मानसिक मजबूती और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित होती है। यह थीम युवाओं को केवल सपने देखने तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करती है।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।




