गाजीपुर: युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग, गाजीपुर के तत्वावधान में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानंद के जीवन, विचारों और आदर्शों से प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती अनिता कुमारी, प्राचार्य महिला पीजी कॉलेज, गाजीपुर रहीं। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रोफेसर, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी चंद्रकांत यादव, अखिलेश यादव, मुख्य कार्यक्रम अधिकारी रामनाथ केसवरवानी तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अन्य कार्यक्रम अधिकारी भी उपस्थित रहे।
गोष्ठी का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। वक्ताओं ने छात्राओं को स्वामी विवेकानंद जी के जीवन, उनके संघर्ष और उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा उनके विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर उपस्थित छात्राओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं और उनके बताए रास्ते पर चलकर युवा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। अंत में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सुश्री आंचल सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।




