गाजीपुर। कासिमाबाद क्षेत्र के नगवा ग्राम पंचायत के मौजा चकबक्सन में रविवार को ट्रांसफार्मर पर कार्य के दौरान करंट लगने से 25 वर्षीय प्राइवेट लाइनमैन सुड्डू कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर हंगामा किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए करीब तीन घंटे तक शव लेने से इनकार किया। एसडीएम के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।मृतक सुड्डू कुमार, इंदौर गांव का निवासी था और कासिमाबाद पावर हाउस पर प्राइवेट लाइनमैन के रूप में कार्यरत था। परिजनों के अनुसार, उसे जेई के निर्देश पर ट्रांसफार्मर पर कार्य के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि कार्य के दौरान अचानक विद्युत आपूर्ति चालू हो जाने से वह करंट की चपेट में आ गया।
घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि सीएचसी पहुंचे। परिजनों ने मुआवजा, जमीन और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने नियमानुसार सहायता और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।वहीं विभाग का कहना है कि मृतक नियमित या संविदा कर्मचारी नहीं था। उपखंड अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। विभाग की ओर से अनुमन्य सहायता राशि दिए जाने की बात कही गई है।इस घटना के बाद यह सवाल उठ रहा है कि यदि मृतक विभाग का कर्मचारी नहीं था, तो वह किसके निर्देश पर कार्य कर रहा था और शटडाउन की व्यवस्था कैसे हुई।



