
गाजीपुर । त्योहारों के मौसम में जहां मिठास की खुशबू फैलनी चाहिए थी, वहीं अब शक और डर का माहौल बन गया है। खाद्य विभाग की टीम ने शनिवार को महुआबाग स्थित अग्रवाल प्रतिष्ठित स्वीट्स के मार्किनगंज वाले बड़े कारखाने पर छापेमारी की। अंदर का नज़ारा चौंकाने वाला था – ड्रमों में भरा हुआ मिलावटी देसी घी, जिसकी मात्रा लगभग 1400 किलो पाई गई। अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए इस नकली घी की कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई है। यह वही घी मिठाइयों में मिलाया जा रहा था, जो त्योहारों के दौरान हजारों लोगों की थाली तक पहुँचने वाला था। इस खुलासे के बाद शहर में हड़कंप मच गया है। लोग अब मिठाइयों के नाम पर बिक रही मिलावट से चिंतित हैं। हर साल भरोसे के साथ खरीदे जाने वाले लड्डू, बर्फी और जलेबी अब शक के घेरे में हैं। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई को जनता की सेहत से जुड़े बड़े अपराध का पर्दाफाश बताया है। अधिकारियों ने बताया कि मिलावटी घी के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। गाजीपुर में यह सिर्फ एक दुकान का मामला नहीं है -यह उन लालचों की कहानी है, जो त्योहारों की मिठास में जहर घोल रहे हैं।



