गाज़ीपुर: ज़िले के बरेसर थाना क्षेत्र के एक गाँव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक नवविवाहिता द्वारा मोबाइल फ़ोन पर कथित रूप से आपत्तिजनक बातचीत किए जाने को लेकर ससुराल पक्ष ने विरोध किया, जिससे नाराज़ होकर महिला ने अपने मायके फोन कर भाइयों को बुला लिया। इसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पहुंचकर हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बलिया जिले की रहने वाली युवती की शादी बरेसर थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। ससुराल पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही महिला मोबाइल फोन पर अजनबियों से अश्लील और भद्दी बातें करती थी। परिजनों द्वारा कई बार समझाने के बावजूद वह नहीं मानी।
4 जनवरी की रात महिला अपने कमरे में मोबाइल फोन पर बातचीत कर रही थी, जिसे ससुराल वालों ने सुन लिया। जब उसे समझाने का प्रयास किया गया तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान महिला ने अपने भाई को फोन कर बुला लिया।
रात करीब 10 बजे महिला का भाई अपने चार-पांच दोस्तों के साथ ससुराल पहुंचा। दरवाजा खुलते ही आरोपियों ने महिला के ससुर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने सास और ननद को भी पीटा और चाकू मारकर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी घर का सामान लेकर फरार हो गए और कमरे में ताला लगा दिया।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने बरेसर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने बहू, उसके दो भाइयों तथा चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।



