गाजीपुर। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केशव कॉम्प्लेक्स में फर्जी हस्ताक्षर और जाली स्टाम्प पेपर तैयार करने का धंधा चला रहे दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर थाना गाजीपुर और पूर्वी जोन की क्राइम सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारकर दुकान से भारी मात्रा में मैनुअल व ई-स्टाम्प, नोटरी रबड़ स्टाम्प, मोहरें, लैपटॉप, प्रिंटर, मॉनीटर और अन्य उपकरण बरामद किए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सीतानाथ रथ (48) और दीपक सिंह (52) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे फर्जी हस्ताक्षर और रबर स्टाम्प के जरिए जाली स्टाम्प पेपर तैयार कर बेचते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सीतानाथ रथ का आपराधिक इतिहास पहले से मौजूद है।
दोनों के खिलाफ BNS की धारा 319(2), 318(4), 338 और 336(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब उनके नेटवर्क और अन्य जिलों में जुड़े सहयोगियों की तलाश कर रही है।



