गाज़ीपुर। सादात क्षेत्र के तीन होनहारों ने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिजनों में खुशी का माहौल है। शुभेच्छुओं द्वारा बधाई दिया जा रहा है। सादात नगर के वार्ड संख्या सात निवासी मयंक बरनवाल ने अपने दूसरे प्रयास में 629 अंक प्राप्त कर यह कामयाबी अर्जित की है। उनके पिता दयानंद बरनवाल एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि मां मधुबाला गृहिणी हैं। मयंक ने अपनी इस कामयाबी का श्रेय माता-पिता और अपने दादा स्वर्गीय श्यामसुंदर बरनवाल के मार्गदर्शन को दिया है। माहपुर गांव के सूरज गुप्ता ने अपने पहले ही प्रयास में 583 अंक प्राप्त कर मेडिकल कॉलेज में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त किया है। दो भाइयों में छोटे सूरज ने अपनी हाईस्कूल की शिक्षा हरमनमाइनर स्कूल से पूरी की और इसी वर्ष उन्होंने कोटा, राजस्थान से इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण की है। उनके पिता सुरेश गुप्ता जीएसटी के निजी अधिवक्ता हैं और मां रीता गुप्ता प्राथमिक विद्यालय नगवा में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत हैं। दूसरी तरफ, भाला बुजुर्ग गांव के शिवानंद सिंह ने नीट परीक्षा में देश भर में 1359वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार का नाम रोशन किया है। उन्होंने पांचवें प्रयास में सफलता हासिल किया है, जो उनकी दृढ़ता और हार न मानने की मिसाल पेश करता है। पिछले साल उनकी रैंक 4546वीं थी। शिवानंद ने हाईस्कूल की पढ़ाई यूपी कॉलेज, वाराणसी से और इंटरमीडिएट सनबीम वरुणा, वाराणसी से की थी। इसके बाद वे कोचिंग के माध्यम से तैयारी में जुटे थे। दो भाइयों में बड़े शिवानंद की इस सफलता पर उनकी मां पुष्पा सिंह, पूरा परिवार और गांव के लोग गर्व महसूस कर रहे हैं। उनके छोटे भाई दुर्गा सिंह वाराणसी से स्नातक करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की तैयारी कर रहे हैं।



