गाजीपुर। आजादी के अमृत महोत्सव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन संचालित विद्यालयों में छात्र- छात्राओं एवं शिक्षकगणों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, राखी प्रतियोगिता, झाकी के माध्यम से तिरंगा यात्रा/रैली के माध्यम से आयोजन किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र- छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से तिरंगे की महत्ता, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता से जुड़े संदेशों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया। वहीं रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने तिरंगे के रंगों और राष्ट्रीय भावना को आकर्षक ढंग से उकेरा। इसी क्रम में विद्यालयों में राखी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया,जिसमें बच्चों ने तिरंगे एवं राष्ट्रभक्ति की भावना से प्रेरित आकर्षक राखियां तैयार कीं। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा शिक्षकों ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रध्वज के सम्मान, उसके महत्व एवं राष्ट्रीय एकता के संबंध में जानकारी दी।अभियान के तहत विद्यालयों एवं विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्राओं का आयोजन भी किया गया। ल तिरंगा यात्रा के दौरान छात्र- छात्राओं एवं शिक्षकगणों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इससे विद्यालयों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी राष्ट्रीय पर्व के प्रति उत्साह एवं जागरूकता का वातावरण बना। इसके अतिरिक्त जनपद में विभिन्न स्थानो पर स्थापित सेल्फी प्वाइंट पर भी बच्चो, विद्यार्थियों एवं शिक्षको द्वारा उत्साहपूर्वक सेल्फी ली गईं। प्रतिभागियों ने अपनी सेल्फी ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड कर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस पहल से विशेष रूप से युवाओं एवं विद्यार्थियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और अभियान के प्रति जुड़ाव को बढ़ावा मिला। विद्यालयों में आयोजित इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं आमजन में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, भाईचारे तथा राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनपद में व्यापक जनसहभागिता प्राप्त हो रही है।








