गाजीपुर। 30 जुलाई से प्रारंभ कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने शनिवार को ददरी घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु ददरी घाट पर स्नान कर गंगा जल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करेंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं को स्नान, जल भरने, आवागमन तथा ठहरने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नगर पालिका को निर्देशित किया कि घाट एवं आसपास के क्षेत्रों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मियों की तैनाती की जाए। उन्होंने घाट एवं कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि रात्रि के समय भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए घाट पर नावों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार नाविकों की तैनाती करने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर झूलते हुए विद्युत तारों को तत्काल ठीक कराया जाए तथा क्षतिग्रस्त अथवा झुके हुए विद्युत पोलों को समय रहते दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित एवं व्यवस्थित होना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दुर्घटना या असुविधा का सामना न करना पड़े। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। घाट एवं प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन तथा भीड़ नियंत्रण के समुचित इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, नगर पालिका अध्यक्ष सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







