गाज़ीपुर। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची को 11 जनवरी 2026 को जनपद के समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में बीएलओ द्वारा संबंधित मतदेय स्थलों पर पढ़कर सुनाया गया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची का वाचन सभी मतदान केंद्रों पर किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा प्रत्येक मतदेय स्थल पर फार्म-6, फार्म-7, फार्म-8 एवं घोषणा पत्र की उपलब्धता सुनिश्चित कराई गई।
उन्होंने बताया कि जिन पात्र नागरिकों के नाम आलेख्य मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, वे फार्म-6 के साथ आवश्यक अभिलेख एवं घोषणा पत्र (अनुलग्नक-4) संबंधित बीएलओ को उपलब्ध करा सकते हैं। इसी प्रकार नाम अपमार्जन के लिए फार्म-7 तथा नाम, पता, आयु आदि में संशोधन या स्थानांतरण के लिए फार्म-8 भरा जा सकता है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि जनसामान्य के अवलोकन हेतु आलेख्य मतदाता सूची की पीडीएफ जनपद गाज़ीपुर की आधिकारिक वेबसाइट ghazipur.nic.in पर भी अपलोड कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि दावे एवं आपत्ति की अवधि 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। इस अवधि में मतदाता—
- मतदान केंद्रों पर बीएलओ से,
- तहसील कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय से,
- अथवा ऑनलाइन माध्यम से ECINET मोबाइल ऐप एवं voters.eci.gov.in वेबसाइट के जरिए
फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 भरकर जमा कर सकते हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में अपनी मतदाता सूची की जांच अवश्य करें और आवश्यकता होने पर समय रहते दावा या आपत्ति दर्ज कराएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।



