गाजीपुर। जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र के शेरपुर खुर्द गांव निवासी रोहित दोस्तों के साथ शेरपुर कलां गंगा घाट पर नहाते समय पैर फिसल जाने के कारण गंगा नदी में डूबने से रोहित पाल (17) पुत्र अमरनाथ पाल की मौत हो गई । माता-पिता के तीन संतानों में रोहित पाल दूसरे नंबर पर था। वह शहीद संस्मरण इंटर कालेज शेरपुर में कक्षा 11 वीं का छात्र था। बताया जाता है कि रविवार को सुबह रोहित पाल अपने दो अन्य दोस्तों के साथ नहाने के लिए शेरपुर गंगा घाट पर गया था। इसी बीच तीनों किशोर डूबने लगे। इस बीच घाट पर नहा रहे ग्रामीणों एवं मल्लाहों ने दोनों को बचा लिया इस बीच रोहित गहरे पानी में डूब गया। सुचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय मल्लाहों की मदद से रोहित को बाहर निकाल कर तत्काल मुहम्मदाबाद सी एस सी भेजवाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।इस सम्बन्ध में रोहित पाल के पिता अमरनाथ पाल ने बताया है कि शेरपुर गंगा में नहाते समय मेरे पुत्र रोहित पाल का पैर फिसलने से वह गहरे पानी में समा गया और गंगा में डूबने से उसकी मौत हो गई। सुबह का समय होने के कारण और लोग भी आसपास ही नहा रहे थे । गंगा में डूबते देख शोर मचाने लगे । नाव लेकर मल्लाह भी दौड़े और ग्रामीणों की तत्परता से दो किशोरों को बचा लिया। लेकिन रोहित गहरे पानी में डूब गया। हालांकि स्थानीय मल्लाहों की तत्परता से गंगा में समाये रोहित पाल को बाहर निकाल लिया गया लेकिन उतने ही समय में उसकी हालत अत्यंत गंभीर हो चुकी थी।गंभीर हालत में ही रोहित पाल को उपचार के लिए सीएचसी मुहम्मदाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रोहित पाल को मृत घोषित कर दिया। सीएचसी से रोहित का शव उसके पैतृक आवास पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोहित की मां सबिता सहित सभी का रोते रोते बुरा हाल था। पुलिस ने रोहित पाल के शव को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि शेरपुर खुर्द निवासी अमरनाथ पाल की सूचना पर मृतक पुत्र रोहित पाल के शव को विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।



