गाजीपुर। मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गौसपुर गायत्री गंगा घाट पर सोमवार सुबह स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। स्नान करते समय तीन युवक गहरे पानी में चले गए। घाट पर मौजूद मल्लाहों ने एक युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि दो युवक गहरे पानी में डूब गए।घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय गोताखोरों ने दोनों युवकों की तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में दोनों को एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतकों की पहचान मुहम्मदाबाद नगर के शैव टोला निवासी अरुण पांडेय और गुलशन कुशवाहा के रूप में हुई है। दोनों अपने साथी और गुलशन के रिश्तेदार टोडरपुर निवासी शिवम कुशवाहा के साथ सोमवार सुबह गंगा स्नान करने गौसपुर गायत्री गंगा घाट पहुंचे थे।
बताया गया कि स्नान के दौरान पैर फिसलने से तीनों युवक गहरे पानी में चले गए। घाट पर मौजूद मल्लाहों ने शिवम को डूबते देखा और उसे पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ देर बाद सामान्य होने पर शिवम ने अरुण और गुलशन के भी गहरे पानी में जाने की जानकारी दी।इसके बाद गोताखोरों ने दोनों युवकों की तलाश शुरू की और करीब एक घंटे बाद उन्हें बाहर निकाला। सूचना मिलते ही मुहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों युवकों को जिला चिकित्सालय भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों युवक स्नातक के छात्र थे। अरुण और गुलशन अपने परिवार के बड़े बेटे थे। अरुण शैव टोला निवासी त्रियोगी पांडेय के दो बेटों में बड़ा था, जबकि गुलशन संतोष कुशवाहा के दो बेटों में बड़ा था। दोनों स्थानीय महाविद्यालय में स्नातक की पढ़ाई कर रहे थे। इसके साथ ही वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे और परिवार के कामकाज में भी सहयोग करते थे।दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही शैव टोला सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि गौसपुर गंगा तट के पास डूबे दोनों युवकों को जिला चिकित्सालय भेजा गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



